कटनी में सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को उमंग सिंघार का समर्थन, 21वें दिन भी जारी रहा जन सत्याग्रह…

छात्रों से मिले नेता प्रतिपक्ष, मुख्यमंत्री से चर्चा और विधानसभा में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन; पीपीपी मॉडल का विरोध
कटनी। जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर खोले जाने के विरोध में छात्रों का जन सत्याग्रह रविवार को 21वें दिन भी जारी रहा। देर शाम मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से चर्चा कर उनकी मांगों का समर्थन किया और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया।
पूरी तरह शासकीय मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग…कटनी एक्शन कमेटी के बैनर तले कलेक्ट्रेट के सामने चल रहे आंदोलन में छात्र जिले में पूरी तरह सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज का संचालन शासकीय व्यवस्था के तहत होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को किफायती दरों पर चिकित्सा शिक्षा मिल सके और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
उमंग सिंघार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य बुनियादी सुविधाएं हैं। उनके अनुसार, इन क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपना छात्र हित और जनहित के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि शासकीय मेडिकल कॉलेज बनने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
कलेक्टर से फोन पर की चर्चा…जन सत्याग्रह स्थल से ही उमंग सिंघार ने कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी से फोन पर चर्चा की। उन्होंने आंदोलन और जिले के लोगों की मांगों से राज्य सरकार को तत्काल अवगत कराने की बात कही।
विधानसभा में मुद्दा उठाने का आश्वासन…उमंग सिंघार ने आंदोलनरत छात्रों को भरोसा दिलाया कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। साथ ही आगामी विधानसभा सत्र में कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना और पीपीपी मॉडल के विरोध का मुद्दा उठाएंगे।
कटनी एक्शन कमेटी और स्थानीय छात्र पिछले 21 दिनों से कलेक्ट्रेट के सामने जन सत्याग्रह कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि पीपीपी मॉडल से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के व्यवसायीकरण की आशंका है। उनकी मांग है कि कटनी में पूरी तरह शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाए।
#KatniNews #MedicalCollege #UmangSinghar #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









