सतना में कार्यकारिणी की बैठक में वनवासी क्षेत्रों में जनसंपर्क, वन यात्रा, दीपावली मिलन और शिक्षक संस्कार कार्यशाला के आयोजन पर हुई चर्चा।
सतना। वनवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, संस्कार और सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वन बंधु परिषद, सतना सब चैप्टर की कार्यकारिणी समिति की बैठक डॉ. मनीषा सोइन के निवास पर परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सदस्यता विस्तार अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने सुझाव दिया कि नए लोगों को परिषद की सेवा गतिविधियों और कार्यक्रमों से जोड़कर संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यशैली से परिचित कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सेवा कार्यों में सहभागी बन सकें।
एक नवंबर को वन यात्रा का प्रस्ताव…. वनवासी क्षेत्रों के परिवारों से आत्मीय संबंध स्थापित करने और उनकी आवश्यकताओं को समझने के उद्देश्य से एक नवंबर को वन यात्रा आयोजित करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही दीपावली के अवसर पर दीपक वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
दीपावली मिलन और शिक्षक संस्कार कार्यशाला की तैयारी…. संगठन के सदस्यों एवं उनके परिवारों के बीच आपसी स्नेह और समन्वय को मजबूत करने के लिए 10 नवंबर को दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने पर विचार किया गया। वहीं, दिसंबर में शिक्षक संस्कार कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। कार्यशाला में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारयुक्त शिक्षा को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
दो नए सदस्यों का स्वागत…. बैठक के दौरानपरिषद से जुड़ीं श्रीमती संतोष सिंह एवं डॉ. दीपक सोइन का परिचय कराते हुए आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि नए सदस्य संगठन की सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और परिषद के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल, सचिव जागृत कपूर, डॉ. मनीषा सोइन, एडवोकेट आभा अग्रवाल, दशरथ अग्रवाल, समरेंद्र सिंह, शिवांश माहेश्वरी, डॉ. दीपक सोइन एवं श्रीमती संतोष सिंह उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सदस्यों ने वनवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, संस्कार और सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। डॉ. मनीषा सोइन के आत्मीय आतिथ्य के प्रति आभार जताते हुए बैठक का समापन हुआ।