चित्रकूट की गुप्त गोदावरी गुफाएं दीपावली पर भी रहेंगी बंद, चट्टानें गिरने का खतरा; सुरक्षा कार्य के बाद ही मिलेगा प्रवेश…

चित्रकूट की प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी गुफाओं में दीपावली के दौरान भी पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। गुफाओं के अंदर और बाहर चट्टानों के खिसकने और पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इन्हें बंद रखने का फैसला किया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की जांच रिपोर्ट में कई स्थानों पर चट्टानों की स्थिति को असुरक्षित बताया गया है।

24 सितंबर को पत्थर गिरने के बाद बंद हुआ था प्रवेश…गुप्त गोदावरी गुफाओं में 24 सितंबर को पत्थर गिरने की घटना के बाद पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई थी। इसके बाद GSI की टीम ने मौके का निरीक्षण कर चट्टानों की स्थिति का आकलन किया और प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी।

गुफा नंबर-1 में चौड़ी हुईं चट्टानों की दरारें…GSI की रिपोर्ट के अनुसार, गुफा नंबर-1 में बाढ़ के पानी के कारण चट्टानों के बीच मौजूद सामग्री बह गई, जिससे दरारें चौड़ी हो गई हैं। राम दरबार हॉल और प्रवेश सीढ़ियों के पास 30 से 40 सेंटीमीटर आकार के चट्टानी ब्लॉक लटके हुए पाए गए हैं। प्रवेश सीढ़ियों के अंतिम हिस्से में भी एक बड़ा चट्टानी ब्लॉक खिसकने का खतरा बताया गया है।
चट्टानों को सुरक्षित करने के लिए दिए गए सुझाव
GSI ने संवेदनशील स्थानों पर मौजूद चट्टानी ब्लॉकों को सुरक्षित करने के लिए रॉक बोल्टिंग, एंकरिंग और अन्य इंजीनियरिंग तकनीकों के इस्तेमाल की सलाह दी है। इसके अलावा कुछ हिस्सों में सुरक्षा जाली लगाने और धनुष कुंड व शेषनाग गुफा में मलबा रोकने के उपाय करने का सुझाव दिया गया है। सुरक्षा कार्यों के दौरान प्राकृतिक जल प्रवाह बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
सुरक्षा कार्य पूरे होने के बाद खुलेगी गुफा…कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के अनुसार, गुप्त गोदावरी गुफाओं की सर्वे रिपोर्ट प्रशासन को मिल गई है। रिपोर्ट में सुझाए गए सुरक्षा उपायों पर नगर परिषद की तकनीकी टीम काम करेगी। सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने और आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाने के बाद ही पर्यटकों के लिए प्रवेश दोबारा शुरू किया जाएगा।
ऐसे में दीपावली पर चित्रकूट घूमने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गुप्त गोदावरी गुफाओं में प्रवेश नहीं मिल सकेगा।
#ChitrakootNews #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #TourismNews #RewanchalRoshni









