Edition

विंध्य-बुंदेलखंड को मिलीं दो नई मेमू ट्रेनें, आज यात्रियों का सफर मुफ्त; सतना, रीवा, पन्ना और सीधी को मिलेगी सुविधा…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विंध्य-बुंदेलखंड को मिलीं दो नई मेमू ट्रेनें, आज यात्रियों का सफर मुफ्त; सतना, रीवा, पन्ना और सीधी को मिलेगी सुविधा…

विंध्य और बुंदेलखंड के रेल यात्रियों के लिए 24 अक्टूबर का दिन खास है। नागौद से देवेंद्रनगर होते हुए सतना और चुरहट से रीवा के बीच दो नई मेमू ट्रेन सेवाओं की शुरुआत की जा रही है। उद्घाटन के अवसर पर आज दोनों ट्रेनों में यात्रियों को निःशुल्क सफर की सुविधा दी गई है। नियमित संचालन 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा।

रेलमंत्री और मुख्यमंत्री वर्चुअली करेंगे उद्घाटन….

दोनों मेमू ट्रेनों को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। नागौद में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सप्ताह में छह दिन चलेंगी ट्रेनें…आठ कोच वाली दोनों मेमू ट्रेनें रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होंगी। इन सेवाओं से सतना, रीवा, पन्ना और सीधी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।

देवेंद्रनगर से चुरहट तक ट्रेन का समय….रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, देवेंद्रनगर से चुरहट जाने वाली मेमू ट्रेन सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन चुरहट से दोपहर 3 बजे चलेगी और रात 9:25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी। रास्ते में निर्धारित स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। सतना स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव 10 मिनट बताया गया है।

ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना को मिलेगी गति…दोनों रेल सेवाएं महत्वाकांक्षी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना से जुड़ी हैं। वर्ष 1997-98 में स्वीकृत इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 541 किलोमीटर है। इसकी शुरुआती लागत 925 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर करीब 9,000 करोड़ रुपये हो गई है। परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस रेल लाइन के पूरा होने से उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। ललितपुर, खजुराहो, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली जैसे क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय यात्रियों को आवागमन में राहत की उम्मीद….नागौद क्षेत्र के यात्रियों ने नई रेल सेवा शुरू होने पर खुशी जताई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ट्रेन शुरू होने से सफर अधिक सुविधाजनक होगा और सड़क परिवहन पर निर्भरता भी कम हो सकती है। अब यात्रियों की नजर नियमित संचालन और रेल सेवाओं के विस्तार पर रहेगी।

#RewanchalRoshni #SatnaNews #RewaNews #MaiharNews #MadhyaPradeshNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!