Edition

मोबाइल चार्जर नहीं देने पर नवजात चोरी, आरोपी गिरफ्तार, जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना के सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल से नवजात शिशु चोरी करने के सनसनीखेज मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विपिन सोनी निवासी पटनहा बिल्डिंग, थाना कोलगवां के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। माडा टोला निवासी शिवानी चौधरी ने मंगलवार सुबह पुत्र को जन्म दिया था। देर रात एक युवक प्रसूता वार्ड के आसपास संदिग्ध हालत में घूमता रहा। बताया जा रहा है कि घटना से पहले आरोपी की प्रसूता की मां से मोबाइल चार्जर को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
आरोपी ने महिला से बच्चे को फीडिंग कर सुला देने की बात कही और कुछ देर बाद महिला को नींद आने पर नवजात को उठाकर झोले में रख लिया। वह अस्पताल से बाहर निकलने ही वाला था कि नई बस्ती निवासी अभिलाषा तिवारी को झोले से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने झोले के बाहर बच्चे के पैर देखे तो युवक से पूछताछ की। शक होने पर आरोपी भागने लगा। अभिलाषा ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया, जिसके बाद आरोपी नवजात को झोले सहित छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ और परिजन मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को सुरक्षित मां के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें