सतना में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में दंपती समेत 5 गिरफ्तार, घर से धार्मिक सामग्री जब्त…

सतना। शहर के धवारी क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी, उनके दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। महिला ने आरोप लगाया कि परिवार पिछले चार साल से उसे आर्थिक मदद और समस्याएं दूर करने का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था।
टीआई हेमंत शर्मा के मुताबिक, चांदमारी रोड निवासी आशा चौधरी के पति अकाली प्रसाद बीमार रहते हैं। इसके चलते उनका परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। करीब चार साल पहले आशा की मुलाकात रामनरेश चौधरी, उसकी पत्नी द्रोपदी, बेटों सुखेन्द्र और सुवेन्द्र तथा बेटी खुशबू से हुई थी। पुलिस के अनुसार, ये सभी ईसाई धर्म अपना चुके थे।
आर्थिक मदद का भरोसा देकर धर्म बदलने के लिए प्रेरित करने का आरोप…आशा चौधरी का आरोप है कि संबंधित परिवार ने उन्हें धर्म परिवर्तन करने पर आर्थिक सहायता देने और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया। महिला के मुताबिक, अलग-अलग मौकों पर पैसों का लालच देकर उन्हें धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया गया।
बाद में आशा ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
छापेमारी में पांचों आरोपी पकड़े गए..पुलिस को सूचना मिलने पर रविवार को संबंधित मकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आशा चौधरी के बयान के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और घर से धार्मिक सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#SatnaNews #SatnaCrime #MaiharNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









