चित्रकूट में मंदाकिनी फिर उफान पर, 26 दिन में दूसरी बार बाढ़ जैसे हालात; रामघाट में खतरे के निशान के पार पानी…

सतना जिले के चित्रकूट में पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते मंदाकिनी नदी एक बार फिर उफान पर है। शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश के रामघाट में मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। नदी का पानी घाट की सीढ़ियों और आसपास के निचले हिस्सों तक पहुंचने लगा, जिसके बाद प्रशासन ने अलर्ट बढ़ा दिया।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रामघाट क्षेत्र के दुकानदारों ने सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नदी तथा घाट के निचले हिस्सों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
आरोग्यधाम में 135.02 मीटर पहुंचा जलस्तर
मध्य प्रदेश की ओर 25 सितंबर की रात 8 बजे आरोग्यधाम के पास मंदाकिनी नदी का जलस्तर 135.02 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह अधिकतम बाढ़ जलस्तर 139.60 मीटर से 4.58 मीटर कम है। जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने नदी की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।

आरोग्यधाम में रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं गुप्त गोदावरी क्षेत्र में भी जलस्तर बढ़ने से नदी का बहाव तेज हो गया है। तेज बहाव को देखते हुए घाट और नदी के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है।
रामघाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी
शुक्रवार शाम जलस्तर बढ़ने के साथ मंदाकिनी का पानी रामघाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया। आसपास के निचले इलाकों में भी पानी भरने की स्थिति बनने लगी। नदी का पानी बढ़ता देखकर कई दुकानदारों ने दुकानें खाली कर जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अंधेरा बढ़ने के साथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता दिखाई दिया। इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई।
26 दिन में दूसरी बार बाढ़ जैसे हालात
चित्रकूट में 26 दिन के भीतर दूसरी बार मंदाकिनी नदी में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। इससे पहले 29 और 30 अगस्त को भी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था। उस दौरान रामघाट सहित कई इलाकों में लोग बाढ़ में फंस गए थे और रेस्क्यू के लिए वायुसेना की मदद लेनी पड़ी थी।
इस बार भी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
चित्रकूट में SDRF तैनात, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
शुक्रवार शाम कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह चित्रकूट पहुंचे और अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
चित्रकूट में SDRF की टीम तैनात की गई है। नदी किनारे के इलाकों में एनाउंसमेंट कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि मंदाकिनी नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन की अपील- नदी और घाट से दूर रहें
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से मंदाकिनी नदी, रामघाट और अन्य निचले हिस्सों से दूर रहने की अपील की है। तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
SEO Keywords: चित्रकूट बाढ़, मंदाकिनी नदी बाढ़, चित्रकूट मंदाकिनी जलस्तर, रामघाट बाढ़, सतना चित्रकूट बारिश, चित्रकूट Flood News, Mandakini River Flood, Chitrakoot Flood, SDRF Chitrakoot, मध्यप्रदेश बाढ़, उत्तर प्रदेश बाढ़, चित्रकूट मौसम
रेवांचल रोशनी | साहस सच कहने का
#ChitrakootFlood #MandakiniRiver #SatnaNews #MPNews #FloodAlert #ChitrakootNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni








