जेल परिसर में ही टंकी में किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, मिट्टी और पानी का होगा पौधों में उपयोग…..
सतना। केंद्रीय जेल सतना में 14 सितंबर से आयोजित गणेशोत्सव का शुक्रवार, 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ विधिवत समापन हुआ। इस दौरान जेल परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
जेल प्रशासन के अनुसार, पुराने खंड, नवीन खंड और महिला वार्ड में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। उत्सव के दौरान जेल स्टाफ और बंदियों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल….. गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए इस बार जेल प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की। नदियों और तालाबों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से जेल परिसर में ही स्वच्छ पानी से भरी टंकी में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद बची मिट्टी और पानी का उपयोग जेल परिसर में लगे पेड़-पौधों के लिए किया जाएगा।
विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर जेल अधीक्षक ने सभी बंदियों और जेल स्टाफ को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए साधुवाद दिया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्रीमती लीना कोष्टा, जेल उपअधीक्षक श्री श्रीकांत त्रिपाठी, श्री सोनवीर सिंह कुशवाहा, कल्याण अधिकारी श्री अनिरुद्ध कुमार तिवारी, सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती फिरोजा सिंह, सहायक जेल अधीक्षक/अष्टकोण अधिकारी श्री अनिल प्रताप सिंह सहित जेल स्टाफ एवं बंदीगण उपस्थित रहे।