मैहर में शादी टूटने के बाद महिला के घर घुसकर मारपीट का आरोप, साढ़े 4 महीने बाद आरोपी रीवा से गिरफ्तार; कोर्ट ने भेजा जेल….

मैहर। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में शादी टूटने के बाद एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने करीब साढ़े चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को रीवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर रीवा के शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।
शादी टूटने के बाद घर में घुसने का आरोप
ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित महिला ने 27 अप्रैल 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने शिकायत में बताया था कि उसकी शादी रीवा जिले के पड़रा गांव निवासी अभिषेक अग्निहोत्री (29) से होने वाली थी। हालांकि बाद में किसी कारण से शादी टूट गई।
महिला का आरोप था कि शादी टूटने के बाद अभिषेक उसके घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
लंबे समय से फरार था आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मंगलवार को ताला पुलिस को आरोपी के रीवा के शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने शिल्पी प्लाजा में दबिश दी और आरोपी अभिषेक अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से रीवा जिले के पड़रा गांव, थाना रायपुर कर्चुलियान का रहने वाला है।
पूछताछ के बाद न्यायालय में पेशी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और मामले से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
#Maihar #RewaNews #CrimeNews #PoliceAction #RewanchalRoshni









