सभी समाजों को साथ लेकर गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज बुलंद करने का संकल्प, रिवर व्यू से शुरू होकर परशुराम मंदिर धवारी में होगा समापन
सतना। सामाजिक एकता, जनकल्याण और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के अधिकारों को लेकर 17 सितंबर को सतना में ‘महासंगम शंखनाद रैली’ का आयोजन किया जा रहा है। रैली का शुभारंभ दोपहर 12 बजे रिवर व्यू, सतना नदी से होगा। आयोजकों के अनुसार रैली का उद्देश्य किसी एक समाज तक सीमित न रहकर सभी समाजों को साथ लेकर जनहित के मुद्दों पर जागरूकता और एकता की आवाज बुलंद करना है।
रैली रिवर व्यू, सतना नदी से कारगिल ढाबा, सिमरिया चौक, सर्किट हाउस, पन्नीलाल चौक, स्टेशन रोड, कोतवाली और धवारी होते हुए परशुराम मंदिर, धवारी पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
समापन अवसर पर परशुराम कल्याण बोर्ड की योजनाओं और उद्देश्यों की जानकारी करीब 15 से 20 मिनट में उपस्थित जनसमुदाय को दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि रैली के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
रैली के आयोजक पंडित रविकांत तिवारी ‘रज्जन’, महाकौशल प्रांत प्रभारी, मध्य प्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड, मप्र शासन ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की आवाज मजबूती से उठाने तथा उनके साथ खड़े रहने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने सभी समाजों के लोगों से रैली में शामिल होकर सामाजिक एकता, भाईचारे, जनसेवा और जनकल्याण की आवाज को मजबूत करने की अपील की है।