शिक्षक सम्मान समारोह में प्रतिमा बागरी बोलीं- शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के वास्तविक निर्माता…..

सतना। नई दिशा फाउंडेशन सतना के तत्वावधान में अध्यक्ष मनीषा सिंह की अध्यक्षता में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 60 शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी उपस्थित रहीं।

प्रतिमा बागरी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी प्रदान करते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में राष्ट्र निर्माण की उस शक्ति का सम्मान है, जो आने वाली पीढ़ियों को तैयार करती है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. सुदीप्ति श्रीवास्तव ने कहा कि उनके जीवन की सफलता में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही अपनी मेहनत और मार्गदर्शन से डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों के जिम्मेदार नागरिक तैयार करते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. लक्ष्मी मोहनानी ने भी शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता के पीछे शिक्षकों का वर्षों का समर्पण और मार्गदर्शन होता है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में रुपेश मिश्रा की उपस्थिति रही। मंच संचालन रवि शंकर द्विवेदी ने किया, जबकि प्रभा पांडे सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। अंत में फाउंडेशन के सचिव नितिन मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि नई दिशा फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।










