Edition

मैहर में बंदरों का आतंक, ग्रामीणों ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छामृत्यु…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घर-दुकान से लेकर खेत तक बंदरों का कहर, कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा आवेदन; कलेक्टर ने स्थानीय निकायों को कार्रवाई के निर्देश बताए…..

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से बंदरों के बढ़ते आतंक से जुड़ी हैरान करने वाली खबर सामने आई है। बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने अब महामहिम राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की मांग कर प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालात यह हैं कि बंदर अब केवल घरों की छतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि घरों और दुकानों में घुसकर सामान और राशन को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक बंदरों के झुंड खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बंदरों का आतंक अब लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया है। रास्ते से गुजरने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर बंदरों के हमले की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम आवेदन सौंपा। आवेदन में मांग की गई है कि वन विभाग की टीम भेजकर बंदरों को पकड़ने की तत्काल कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता तो उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति दी जाए।
इधर आवेदन मिलने पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीणों को बताया कि लाल मुंह वाले बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग से किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है। जिन क्षेत्रों में नगर निगम, स्थानीय निकाय या ग्राम पंचायत स्तर पर बंदरों का आतंक है, वहां संबंधित स्थानीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत अपने संसाधनों से बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई कर सकती है।
अब देखना होगा कि प्रशासन के स्तर पर दिए गए इस स्पष्टीकरण के बाद बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों को कितनी जल्दी राहत मिलती है।
Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!