मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरसरी, शासकीय उचित मूल्य दुकान और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर का यह दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने व्यवस्थाओं को करीब से समझने के साथ विद्यार्थियों से सीधे संवाद भी किया।
विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर मुखर्जी ने कक्षा 10वीं में शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाया। उन्होंने उर्वरक, संविधान और बायोलॉजिकल सेल से संबंधित विषयों पर बच्चों से सवाल किए और उनके जवाब सुने। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ कलेक्टर से संवाद किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत और लगन के साथ वे भविष्य में कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस अधिकारी बनने के साथ खेल के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रशासनिक स्तर पर देखें तो कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के प्रशिक्षण के बाद से ही व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, मैदानी स्थिति समझने और लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समाधान की दिशा में काम करने पर लगातार जोर दिखाई देता है। यही वजह है कि उनके निरीक्षणों में अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों और विद्यार्थियों से सीधे संवाद को भी महत्व दिया जा रहा है।