Edition

चित्रकूट में बाढ़ प्रभावितों से मिले प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट में बाढ़ प्रभावितों से मिले प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय, राहत का लिया जायजा…

नए निर्माण बाढ़ की गाइडलाइन के अनुसार कराने के निर्देश, नदी किनारे के पुराने अतिक्रमण हटाए जाएंगे; प्रभावित परिवारों को सहायता राशि और राहत सामग्री वितरित

चित्रकूट। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को चित्रकूट का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने भरत घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि भविष्य में चित्रकूट में होने वाले सभी नए निर्माण बाढ़ की गाइडलाइन को ध्यान में रखकर ही किए जाएंगे।

दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित पांच परिवारों को कुल 1.20 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए। प्रभावित परिवारों को राशन और कंबल भी उपलब्ध कराए गए। वहीं, बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी-किताबें और पढ़ाई से जुड़ी अन्य सामग्री वितरित की गई।

सरकार प्रभावित परिवारों के साथ

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से राहत व्यवस्था की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नदी किनारे के अतिक्रमण हटाने के निर्देश

मंदाकिनी नदी के किनारे अतिक्रमण को लेकर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि पुराने अतिक्रमणों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी और सरकारी, दोनों प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद नदी के आसपास होने वाले निर्माण और अतिक्रमण को लेकर प्रशासन को सख्ती बरतनी होगी। भविष्य में नए निर्माण बाढ़ की गाइडलाइन के अनुरूप ही किए जाएंगे, ताकि बारिश और बाढ़ की स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

दीनदयाल रसोई में खुद चखकर परखी भोजन की गुणवत्ता

प्रभारी मंत्री ने चित्रकूट में नगर परिषद की दीनदयाल रसोई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद पूड़ी-सब्जी खाकर भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जानकारी ली।

नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 30 अगस्त से सुबह और शाम भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में भोजन के पैकेट भी पहुंचाए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान अधिकारियों ने उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत कार्यों और प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। मंत्री ने राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

#Chitrakoot #Flood #KailashVijayvargiya #SatnaNews #MPNews #FloodRelief #MandakiniRiver #ChitrakootNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!