सतना में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, शादीशुदा होने की बात छिपाकर दो साल तक शोषण का आरोप…

शादी का झांसा देकर नाबालिग से बनाए संबंध, वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप; पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार
सतना। सतना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी शादी और बच्चे होने की बात छिपाकर नाबालिग से दोस्ती की और उसे शादी का झांसा दिया। आरोप है कि इसके बाद वह करीब दो साल तक पीड़िता का दैहिक शोषण करता रहा। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
ईंट-भट्ठे पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार करीब दो साल पहले नाबालिग अपने परिवार के साथ भोपाल में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान मैहर के पुरानी बस्ती निवासी रतन बेल्दार (25) से हुई।
आरोप है कि रतन ने अपनी शादी और बच्चे होने की जानकारी छिपाकर नाबालिग से नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। भोपाल से परिवार के साथ वापस लौटने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी मैहर से सतना आकर नाबालिग से मुलाकात करता था और उसे सुनसान स्थानों पर ले जाता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो भी मोबाइल फोन में बना लिया।
बाद में पीड़िता को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि संबंध खत्म करने के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करने लगा।
6 सितंबर को घर पहुंचने का आरोप
पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को आरोपी नाबालिग के घर पहुंचा। उस समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद पीड़िता ने सोमवार शाम अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने रतन बेल्दार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है और उसमें मौजूद कथित आपत्तिजनक सामग्री को लेकर जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
#SatnaNews #SatnaPolice #POCSO #CrimeNews #MPNews #RewanchalRoshni #सतना #पुलिसकार्रवाई









