चित्रकूट। 29 अगस्त को चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इस आपदा के बाद जिला प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाएं भी लगातार राहत एवं सेवा कार्यों में जुटी हैं। इसी क्रम में परम पूज्य संत रणछोड़ जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट पिछले 10-11 दिनों से बाढ़ प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद कर रहा है। ट्रस्ट के अनुसार अब तक करीब 25 हजार लंच पैकेट, 2 हजार राशन किट, 1 हजार हाइजीन किट और 2 हजार कपड़ों की किट जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। वहीं बाढ़ प्रभावितों के लिए 100 बेड सुरक्षित किए गए हैं और करीब 300 साधु-संतों की सेवा की जा रही है।

ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. इलेश जैन ने बताया कि पूज्य गुरुदेव हमेशा देश के किसी भी हिस्से में आपदा आने पर पीड़ितों की मदद के लिए आगे रहते थे।
उन्हीं की प्रेरणा से सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट चित्रकूट की इस आपदा में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की जानकारी मिलते ही ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल ने सभी ट्रस्टियों से चर्चा कर प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 51 लाख रुपये की राशि से राहत कार्य करने के निर्देश दिए।इसी सेवा भावना के तहत ट्रस्ट ने बाढ़ से आर्थिक संकट झेल रहे विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। सद्गुरु पब्लिक स्कूल और विद्याधाम स्कूल के करीब 250 बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की सितंबर, अक्टूबर और नवंबर माह की तीन महीने की फीस माफ की जाएगी।

डॉ. इलेश जैन ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा बाधित नहीं होने दी जाएगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई निरंतर जारी रहे, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। जरूरतमंद विद्यार्थियों को राहत पहुंचाना और उनकी शिक्षा को निर्बाध बनाए रखना ट्रस्ट की प्राथमिकताओं में शामिल है। बाढ़ की इस कठिन घड़ी में सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की यह पहल प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की सकारात्मक मिसाल बन रही है।









