चित्रकूट। बाढ़ और अत्यधिक बारिश से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए दीनदयाल शोध संस्थान लगातार राहत एवं सेवा कार्यों में जुटा है। संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन और सह सचिव अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में टीम बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध करा रही है।
राहत अभियान के तहत कराहुवा और जारोमाफी में अत्यधिक वर्षा से प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। वहीं तेलईचुआ और भगवतपुर गांव में मेडिकल कैंप लगाकर प्रभावित ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसके अलावा ब्रम्हीपुर, आबादी शिवराजपुर क्षेत्र में भी बाढ़ राहत, चिकित्सा शिविर और स्वावलंबन केंद्र के माध्यम से लोगों की मदद की जा रही है। संस्थान की टीमें प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों की जानकारी ले रही हैं और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सहायता पहुंचा रही हैं।

बाढ़ आपदा के बीच दीनदयाल शोध संस्थान की यह पहल प्रभावित ग्रामीणों के लिए राहत का सहारा बनी हुई है। संस्थान की टीम का प्रयास है कि आपदा से प्रभावित अधिक से अधिक परिवारों तक राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं पहुंचाई जा सकें।











