आदित्य मिश्रा कोठी।
कोठी क्षेत्र के समाजसेवियों एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं ने बांटी साड़ियां, बच्चों को कपड़े और खाद्य सामग्री….
सतना। जिले में आई भीषण अतिवृष्टि और बाढ़ की त्रासदी के एक सप्ताह बाद भी कई प्रभावित परिवारों तक राहत की सुविधाएं पूरी तरह नहीं पहुंच पाई हैं। ऐसा ही मामला मझगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिंहपुर के किरहाई पोखरी गांव से सामने आया है, जहां बाढ़ प्रभावित आदिवासी परिवार आज भी सरकारी मदद की राह देख रहे हैं।

कोठी क्षेत्र के समाजसेवियों एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर प्रभावित महिलाओं को साड़ियां, बच्चों को कपड़े और खाने-पीने की सामग्री वितरित की।
राहत मिलने के दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि राशन दुकान से मिलने वाले खाद्यान्न के अलावा अभी तक उन्हें कोई विशेष सरकारी सहायता नहीं मिली है।

ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ और अतिवृष्टि से कई परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कुछ गिरने की कगार पर हैं। प्रभावित महिलाओं का कहना है कि पढ़ी-लिखी होने के बावजूद उन्हें रोजगार या अन्य सरकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका।

बाढ़ के बाद जिले के अलग-अलग हिस्सों में राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन कहीं राहत पहुंच रही है तो कहीं पीड़ित परिवार अब भी सरकारी सहायता का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का दोबारा सर्वे कराकर जल्द आर्थिक मदद, आवास और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।










