मैहर सीमेंट प्लांट पर 11 घंटे प्रदर्शन, 5 लाख मुआवजे पर बनी सहमति; गेट पर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे परिजन…

मैहर। सीमेंट प्लांट कर्मचारी संजय पटेल की सड़क हादसे में मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने प्लांट के मुख्य गेट पर करीब 11 घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजन संजय का शव प्लांट के गेट के सामने रखकर परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। देर शाम मांग पूरी नहीं होने पर परिजनों ने गेट के सामने ही अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
..
ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर…

संजय पटेल (35) सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के रगौली गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से सीमेंट प्लांट में ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। कटिया कला के पास एक बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पहले मैहर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सतना रेफर कर दिया। सतना में इलाज के दौरान देर रात संजय की मौत हो गई।

दोपहर में शव लेकर प्लांट गेट पहुंचे परिजन
संजय की मौत की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उनके परिजन और अन्य लोग शव लेकर सीमेंट प्लांट के मुख्य गेट पर पहुंच गए। शव को गेट के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। परिजनों की मांग थी कि कंपनी प्रबंधन की ओर से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेत्री डॉ. रश्मि सिंह ने किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी तथा प्लांट गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया।
मांग पूरी नहीं होने पर अंतिम संस्कार की तैयारी
कई घंटे तक प्रदर्शन के बावजूद जब आर्थिक सहायता को लेकर सहमति नहीं बनी तो शाम के समय परिजन गेट के सामने ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए। इसके लिए मौके पर लकड़ियां जमा कर दी गईं। शव प्लांट गेट के सामने होने और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रशासन की मौजूदगी में बातचीत, 5 लाख की सहायता पर सहमति
मामले को गंभीरता से लेते हुए देर रात सीएसपी महेंद्र सिंह और एसडीएम दिव्या पटेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के साथ बातचीत की। काफी देर तक चली चर्चा के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी।
इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को 5 लाख रुपए का चेक सौंपा। आर्थिक सहायता पर सहमति बनने के बाद रात करीब 11:30 बजे परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गए।
करीब 11 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत से मामला शांत हुआ। वहीं, संजय की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
#Maihar #MaiharNews #SatnaNews #CementPlant #RoadAccident #SanjayPatel #MPNews #MadhyaPradesh #BreakingNews #RewanchalRoshni #मैहर #सतना #सड़कहादसा #मध्यप्रदेश









