सतना। जिले में आई बाढ़ आपदा के बीच राजस्व विभाग का अमला लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है। बीते चार दिनों से अधिकारी-कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों तक भोजन, कपड़े और जरूरी सामग्री पहुंचा रहे हैं।
राहत अभियान के शुरुआती दो दिनों में शुभकामना मैरिज गार्डन में भोजन तैयार कर 500-500 भोजन पैकेट बनाकर वितरित किए गए। इसके बाद पिछले दो दिनों से तहसील कार्यालय परिसर में ही भोजन तैयार किया जा रहा है। जिन कमरों में सामान्य दिनों में राजस्व विभाग की फाइलें और शासकीय कामकाज होता है, वहीं अब पूरियां बनाई जा रही हैं और भोजन की पैकिंग की जा रही है। महिला एवं पुरुष पटवारी सहित अन्य कर्मचारी सामूहिक रूप से इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

भोजन के साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए कपड़े भी प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए गए। साड़ी, चादर और बच्चों के कपड़ों का वितरण किया गया। राहत सामग्री रंगोली, सुहास, बाराकला बस्ती, बरदादी और टपरिया बस्ती सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भेजी जा रही है।
बीते दिन तहसीलदार सहित कई पटवारियों ने लगातार बारिश के बीच सुहास गांव पहुंचकर पानी और नाला पार करते हुए भोजन सामग्री एवं कपड़ों का वितरण किया।
आपदा के समय राजस्व कर्मचारियों का यह प्रयास मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी की मिसाल के रूप में सामने आया है।
एक पटवारी ने कहा कि बाढ़ पूरे जिले की आपदा है। हम सभी कर्मचारी मिलकर पीड़ित परिवारों की मदद का प्रयास कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे…..

रास्ता न होने के कारण ट्रैक्टर में बैठकर बाढ़ पीड़ितों तक भोजन सामग्री लेकर पहुंचे कर्मचारी……..










