तीन माह बाद भी नहीं हुआ चोरी का खुलासा, जांच टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने की मांग….
सतना। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित प्रसिद्ध गाजीपुर मंदिर में करीब 60 लाख रुपये से अधिक कीमत के सिंहासन की चोरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के लगभग तीन माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रैगांव की पूर्व विधायक कल्पना वर्मा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
पूर्व विधायक कल्पना वर्मा ने पुलिस प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने समय बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चोरी के मामले में पुलिस द्वारा बनाई जाने वाली रणनीति की गोपनीय जानकारी बाहर आने से जांच प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस की रणनीति लगातार लीक हो रही है तो कहीं न कहीं पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
वर्मा ने कहा कि माई के दरबार में हुई चोरी का खुलासा नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर चोरी का जल्द खुलासा कराया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता को आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राममणि शुक्ला, प्रवीण सिंह, गिरीश उर्मालिया, मोहनलाल वर्मा, जितेंद्र डोहर और तन्नी महाराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









