1.25 करोड़ से ज्यादा बहनों के खातों में ₹2,148.30 करोड़ ट्रांसफर, ₹8.95 करोड़ के ‘मां शारदा लोक फेज-1’ का भूमिपूजन; जिले को मिले ₹256 करोड़ के विकास कार्य….
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर पहुंचे। त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने महिलाओं पर पुष्पवर्षा की। प्रभारी मंत्री राधा सिंह सहित लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।

लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची ₹1,750 की राशि…. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ₹2,148.30 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। प्रत्येक बहन के खाते में नियमित ₹1,500 की मासिक किस्त और रक्षाबंधन के ₹250 के उपहार सहित कुल ₹1,750 भेजे गए।
मैहर जिले के रामनगर की 12 वर्षीय होनहार बेटी अनन्या अवधिया और हॉकी खिलाड़ी उन्नति पांडेय के हाथों से भी सिंगल क्लिक के जरिए राशि ट्रांसफर कराई गई।
कांग्रेस पर सीएम का हमला…. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सरकार लाड़ली बहनों के खातों में राशि भेजती है, तब कांग्रेस के लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। मुख्यमंत्री ने बहनों से चुनाव के समय इसका हिसाब मांगने की बात भी कही।

मैहर को ₹256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात…… मुख्यमंत्री ने मैहर जिले में करीब ₹256 करोड़ की लागत वाले 25 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें ₹151 करोड़ के 12 कार्यों का भूमिपूजन और ₹105 करोड़ के 13 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मां शारदा लोक फेज-1 का भूमिपूजन…. मुख्यमंत्री ने ₹8.95 करोड़ की लागत से बनने वाले ‘मां शारदा लोक फेज-1’ का वर्चुअल भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस परियोजना से मैहर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआरएलएम समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई टोपी भी खरीदी। इसके साथ ही उन्होंने नए जिला अस्पताल परिसर का जायजा लिया।










