सतना। सोहावल मोड़ पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी अब राजनीतिक मुद्दा बनती नजर आ रही है। रैगांव की पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेत्री कल्पना वर्मा ने सोहावल के अंदर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अंडरब्रिज की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कल्पना वर्मा ने कहा कि 10 अगस्त को ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी थी, लेकिन इसके बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनके मुताबिक सोहावल, बाबूपुर, सोहौला सहित आसपास के गांवों की करीब 15 हजार की आबादी इस मार्ग का उपयोग करती है।
उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान यदि अंदर जाने वाले पारंपरिक रास्ते का सुरक्षित विकल्प नहीं बनाया गया तो स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों के आवागमन में गंभीर परेशानी और दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है।
पूर्व विधायक ने दो टूक कहा कि ग्रामीणों की मांग अंडरब्रिज नहीं तो निर्माण नहीं…. उन्होंने प्रशासन से जल्द अंडरब्रिज की स्वीकृति और लिखित निर्णय देने की मांग की।
कल्पना वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेंगी। उन्होंने आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होने की बात कही।









