Edition

महिला उप निरीक्षक सुशीला कौशिक को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक, 10 को पुलिस पदक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़
हरियाणा पुलिस के 11 अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित करने के लिए चुना गया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में तैनात महिला उप निरीक्षक सुशीला कौशिक को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची जारी कर दी है। 10 पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है।

इनमें गुप्तचर विभाग एवं आतंकवाद विरोधी दस्ता की पुलिस महानिरीक्षक नाजनीन भसीन, द्वितीय वाहनी आइआरबी के उप पुलिस अधीक्षक जितेश मल्होत्रा, निरीक्षक राजीव रंजन और राजबीर सिंह, उप निरीक्षक संजीव कुमार, संदीप और रामफल, सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, प्रवीण कुमार और अनिल कुमार शामिल हैं। निरीक्षक राजीव रंजन को सामुदायिक पुलिसिंग, सड़क सुरक्षा, पुलिस-जन संवाद, नशामुक्त अभियान और पुलिस की सेवा में रहते हुए साहित्यिक एवं सांस्कृतिक माध्यमों से नागरिक व पुलिस के बीच संवाद के कार्यों के लिए पुलिस पदक हेतु चुना गया है।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पुलिस पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा पुलिस के 11 अधिकारियों एवं जवानों को प्रतिष्ठित पुलिस पदकों के लिए चुना जाना पूरे पुलिस बल के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है।

इन पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस, समर्पण और अथक सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान न केवल पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं जवानों का सम्मान है, बल्कि यह हरियाणा पुलिस के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

ऐसे सम्मान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ पूरे पुलिस बल को और अधिक उत्साह, निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं। कर्तव्य के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!