सतना। बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख रुपये की नकदी मिलने का मामला अब केवल हवाला कारोबार की संभावित जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने नाम के भ्रम और सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को निशाना बनाने की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरपीएफ चित्रकूट और क्राइम विंग झांसी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा। उसके बैग से 63 लाख रुपये बरामद हुए। पूछताछ में रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर जांच आगे बढ़ी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक पकड़े गए प्रीतम दास, निवासी सिंधी कैंप, सतना ने पूछताछ में बताया कि रकम उसे संजय उर्फ संजू ने कानपुर पहुंचाने के लिए दी थी। रकम हवाला के जरिए भेजे जाने की आशंका जताई गई है। अब इस पूरे मामले की वास्तविकता जांच एजेंसियों के निष्कर्ष से ही स्पष्ट होगी।
लेकिन इसके बाद कहानी का एक दूसरा और ज्यादा संवेदनशील पहलू सामने आया। सतना में संजय नाम के कई लोग हो सकते हैं। बावजूद इसके सोशल मीडिया पर सांकेतिक खबरों के जरिए एक प्रतिष्ठित समाजसेवी, व्यवसाई व राजनेता को लगातार निशाना बनाए जाने की चर्चाएं सामने आईं।

सवाल यह है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति का पूरा नाम, पता और भूमिका आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है तो केवल नाम के आधार पर किसी दूसरे व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करना आखिर कितना उचित है?
जिस व्यक्ति को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की चर्चा है, उसके बारे में यह भी कहा जा रहा है कि उसके बड़े कारोबार हैं, खनिज, ट्रांसपोर्ट और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में कारोबार होने के कारण उसका आर्थिक स्तर, व समाजसेवा के कारण राजनीतिक स्तर मजबूत है, व जिले में बड़े करदाताओं में शामिल होने की बात भी कही जा रही है। व्यवसाय करना, पैसा कमाना और आर्थिक रूप से सफल होना अपने आप में किसी अवैध गतिविधि का प्रमाण नहीं हो सकता,
दिलचस्प यह है कि पहले सोशल मीडिया पर संजय नाम को लेकर ऐसे दावे और गुणगान किए गए कि संबंधित व्यक्ति का नेटवर्क बड़ा है, पहचान बड़ी है और वह कम समय में बड़ा पैसा कमाने वाला व्यापारी है।
बाद में जब संजय वाधवानी का नाम हवाला की चर्चाओं में सामने आया, तो पहले संकेतों के आधार पर दूसरे व्यक्ति को जोड़कर चल रही चर्चाएं अचानक कमजोर पड़ गईं।
यहीं से सबसे बड़ा सवाल उठता है—क्या व्यक्तिगत विरोध, राजनीतिक या व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा था?
सोशल मीडिया खबरों की भी जिम्मेदारी है कि आरोप और तथ्य के साथ-साथ जांच और निष्कर्ष के बीच अंतर बनाए रखें, 63 लाख रुपये किसके हैं, किसने भेजे और उनका हवाला से कोई संबंध है या नहीं, इसका अंतिम फैसला जांच एजेंसियों की जांच के बाद ही होगा।









