युवा नेतृत्व की बुलंद आवाज बने आनंद पांडे, महीनों के संघर्ष ने दिलाई सफलता…..
छात्रा से अनुचित बातचीत और पद के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई, फाइल सात महीने रोकने वाला कर्मचारी भी निलंबित…
सतना। पीएमश्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. एससी राय के निलंबन को लेकर छात्र संगठनों के लंबे आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। छात्रा से अनुचित बातचीत, अमर्यादित आचरण, पद के दुरुपयोग और कर्तव्यों में लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने 7 अगस्त को डॉ. एससी राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसी मामले की निलंबन फाइल करीब सात महीने तक लंबित रखने वाले संचालनालय उच्च शिक्षा, भोपाल के सहायक ग्रेड-3 हर्ष रावत को भी निलंबित किया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर NSUI प्रदेश महासचिव आनंद पांडेय कई महीनों से लगातार संघर्ष कर रहे थे। डिग्री कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों की समस्याओं को लेकर उन्होंने प्रशासन के सामने लगातार आवाज उठाई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। छात्रा से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए डॉ. राय के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की थी।
आंदोलन को गति देने के लिए आनंद पांडेय ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। सतना दौरे पर आने वाले जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं के सामने भी उन्होंने कॉलेज की समस्याएं और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। बीते दिनों आंदोलन ने उस समय और जोर पकड़ा, जब आनंद पांडेय के नेतृत्व में NSUI कार्यकर्ता दिन-रात डिग्री कॉलेज के गेट के बाहर धरने पर बैठे रहे। कॉलेज में कथित अनियमितताओं और अन्य समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन भी जारी है।
आनंद पांडेय ने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम रक्त से पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि विद्यार्थियों से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
मंजूरी फरवरी में, आदेश सात महीने बाद…… शासन के आदेश के मुताबिक डॉ. राय के निलंबन को लेकर प्रशासनिक अनुमोदन 17 फरवरी को ही मिल चुका था, लेकिन निलंबन आदेश जारी नहीं हुआ। विभाग के अनुसार सहायक ग्रेड-3 हर्ष रावत ने स्वीकृति के अनुरूप आदेश का मसौदा प्रस्तुत करने के बजाय विपरीत टिप्पणी दर्ज की, जिससे मामला करीब सात महीने तक लंबित रहा। शासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें भी निलंबित कर दिया।

डॉ. राय का निलंबन मुख्यालय क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग निर्धारित किया गया है, जबकि हर्ष रावत का मुख्यालय संचालनालय उच्च शिक्षा, भोपाल रहेगा।
आनंद पांडेय को सतना में छात्रहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने वाले युवा नेताओं में गिना जाता है। कॉलेज से जुड़े मुद्दों पर उनका लगातार आंदोलन, अधिकारियों से मुलाकात और वरिष्ठ नेताओं के सामने मांग रखने का सिलसिला इस कार्रवाई तक पहुंचा। अब निलंबन के फैसले को उनके लंबे आंदोलन की एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।










