सतना में दोस्त बना कातिल, फुल्की खिलाने के बहाने ले जाकर युवक की हत्या, पुराने विवाद का लिया बदला…

सतना। जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में 21 वर्षीय कियोस्क संचालक अतुल कुशवाहा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या उसके दोस्त सुधीर उर्फ श्यामू नामदेव (19) ने पुराने विवाद का बदला लेने के लिए की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, अतुल और श्यामू अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। जुलाई महीने में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने दोस्ती का दिखावा जारी रखा और बदला लेने की साजिश रच ली।
1 अगस्त की रात अतुल अपनी कियोस्क दुकान बंद कर घर लौट रहा था। तभी श्यामू उसे फुल्की खिलाने के बहाने भठिया की ओर ले गया। सुनसान स्थान पर उसने पहले तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की और फिर सिर पर पत्थर पटककर मौत की पुष्टि कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अतुल का मोबाइल और नकदी निकाल ली तथा शव को घसीटकर झाड़ियों में छिपा दिया।
उधर, अतुल के परिजन उसी रात गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, लेकिन उनका आरोप है कि तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज हुई और 4 अगस्त को गांव के स्कूल के पीछे झाड़ियों में अतुल का रक्तरंजित शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शव उठाने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किया गया, वाहनों में तोड़फोड़ हुई और करीब पांच घंटे तक शव नहीं उठाने दिया गया। इसके बाद नागौद एसडीओपी कार्यालय का दो दिनों तक घेराव किया गया।
परिजनों का आरोप है कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की भी मांग की। अधिकारियों की समझाइश के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और 5 अगस्त को परिजन शव लेकर प्रयागराज रवाना हुए।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
#Satna #Jaso #CrimeNews #MurderCase #MPNews #BreakingNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni #PoliceInvestigation









