सरकारी स्कूल में छात्रों को दिखाई ‘धुरंधर’, अतिथि शिक्षक बर्खास्त,
बोले- बच्चों के कहने पर फिल्म चला दी…

मैहर। जिले के अमरपाटन तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कठहा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में बिना अनुमति छात्रों को ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिथि शिक्षक हंसराज सिंह पटेल की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सलोनी शर्मा ने यह कार्रवाई की।
यह मामला 31 जुलाई का है, जब स्कूल के एक क्लासरूम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में डिजिटल एलईडी स्क्रीन पर फिल्म ‘धुरंधर’ चल रही थी और कक्षा 11वीं व 12वीं के छात्र-छात्राएं उसे देख रहे थे। वीडियो में हिंदी विषय के अतिथि शिक्षक हंसराज सिंह पटेल भी कक्षा में मौजूद दिखाई दिए।

वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। अमरपाटन विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुंवर बहादुर सिंह की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि स्कूल के पांचवें पीरियड के दौरान कक्षा में फिल्म चलाई गई थी।
जांच के दौरान शिक्षक हंसराज सिंह पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि फिल्म छात्रों की इच्छा पर चलाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें स्मार्ट टीवी ही नहीं, स्मार्टफोन चलाना भी नहीं आता। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी ने इस तर्क को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि शिक्षक का कर्तव्य विद्यार्थियों को शिक्षा देना है, न कि बिना अनुमति फिल्म दिखाना। उनकी लापरवाही से स्कूल और शिक्षा विभाग की छवि प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म ‘धुरंधर’ को ‘A’ (एडल्ट ओनली) प्रमाणपत्र दिया है। यानी 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए यह फिल्म देखने की अनुमति नहीं है। ऐसे में नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में यह फिल्म दिखाया जाना गंभीर मामला माना गया।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी हैं और मामले को अनुशासनहीनता का गंभीर उदाहरण मानते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं।
#Maihar #MPNews #GovernmentSchool #Dhurandhar #EducationNews #CBFC #BreakingNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









