सतना। कृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्यालय में छात्रा से कथित मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फीस विवाद के बाद छात्रा की शिकायत पर विद्यालय के प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब विद्यालय प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर छात्रा के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
वीडियो में झगड़े के दौरान चाचा की कोहनी से छात्रा की नाक पर चोट लगती हुई दिखाई दे रही है…..
विद्यालय प्रबंधन का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में प्राचार्य द्वारा छात्रा के साथ किसी प्रकार की मारपीट होती दिखाई नहीं दे रही है। प्रबंधन के अनुसार, विवाद के दौरान छात्रा की नाक उसके चाचा की कोहनी लगने से घायल हुई थी। फुटेज में यह भी दावा किया गया है कि छात्रा पहले बैठी दिखाई देती है और बाद में चाचा के इशारे पर गेट के पास लेट जाती है, जबकि चाचा बाहर से उसका वीडियो बनाते नजर आते हैं।
दूसरी ओर, छात्रा अपने आरोपों पर कायम है। उसका कहना है कि फीस जमा नहीं होने के कारण उसे कक्षा से बाहर निकाल दिया गया। विरोध करने पर प्राचार्य ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी नाक से खून निकला और हाथ में चोट आई। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे लंबे समय तक उपचार नहीं मिला और वह विद्यालय के बाहर पड़ी रही।
छात्रा घटना के बाद खुद ही जमीन पर बैठती हुई वीडियो में दिखाई दे रही है..….
उधर, विद्यालय प्रबंधन ने पहले ही छात्रा के चाचा पर कार्यालय में हंगामा और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत पुलिस को सौंप रखी है। अब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस छात्रा के बयान, विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और जिम्मेदारी किसकी है। तब तक दोनों पक्षों के दावे जांच के दायरे में हैं।









