शीर्षक:
सतना में सड़क हादसे के बाद बवाल: महिला की मौत पर एंबुलेंस में देरी का आरोप, शव कंधे पर रखकर हाईवे किया जाम….

सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पड़हा गांव निवासी 38 वर्षीय रानी रावत की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके कारण घायल महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। आक्रोशित परिजन शव को कंधे पर उठाकर करीब 500 मीटर पैदल चले और चित्रकूट–सतना स्टेट हाईवे स्थित सती अनुसुइया मोड़ पर जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार, रानी रावत बुधवार शाम जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामवन के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि चित्रकूट की एंबुलेंस खराब होने के कारण मझगवां से दूसरी एंबुलेंस भेजी गई, जिससे काफी देर हो गई। उनका कहना है कि एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत से नाराज परिजन शव को कंधे पर लेकर सती अनुसुइया मोड़ पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही एसडीओपी राजेश बंजारे और थाना प्रभारी नीलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है।
#Satna #Chitrakoot #RoadAccident #MPNews #BreakingNews #RewanchalRoshni #MadhyaPradesh #AccidentNews #HighwayJam #SatnaNews









