Edition

सृजन संवाद से छात्रों को कानून और सुरक्षा का पाठ: एएसपी गौरव पाण्डेय ने कहा- जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की पहचान…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 में बुधवार को आयोजित सृजन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, संविधान, नागरिक अधिकारों और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम का संचालन पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन में हुआ, जबकि इसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गौरव पाण्डेय ने किया।

एएसपी गौरव पाण्डेय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें कानून का सम्मान करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और किसी भी आपराधिक या असुरक्षित स्थिति में बिना भय पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही भविष्य में सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव बनते हैं।

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी श्वेता मौर्या ने पॉक्सो एक्ट, महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं सूबेदार रामादेवी राय ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

साइबर शाखा के प्रधान आरक्षक विपेन्द्र मिश्रा ने ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग और UNFPA के तकनीकी सहयोग से संचालित यह अभियान विद्यार्थियों में संविधान, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और उत्तरदायी नागरिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में एएसपी गौरव पाण्डेय ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कानून का पालन करने, सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने और पुलिस के साथ विश्वासपूर्ण संवाद बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सृजन संवाद केवल जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि पुलिस और युवाओं के बीच भरोसे का मजबूत सेतु है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!