सतना। जिले के कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम गुलुवा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेंदुए के हमले से आठ भेड़ों की मौत हो गई, जबकि छह भेड़ें घायल हो गईं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गुलुवा निवासी रामसोहन पाल उर्फ बिद्दू ने अपनी भेड़ों को घर के बाहर बने बाड़े में बांधा था। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग बाड़े में पहुंचे तो आठ भेड़ें मृत मिलीं, जबकि छह गंभीर रूप से घायल थीं। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले की आशंका जताई गई है। हालांकि, सुबह से हो रही बारिश के कारण घटनास्थल पर किसी जंगली जानवर के पैरों के निशान नहीं मिल सके, जिससे हमले की पुष्टि में कठिनाई आ रही है। विभाग अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि जिले में पिछले एक महीने के भीतर यह चौथी ऐसी घटना है। इससे पहले 9 जुलाई की रात कोठी वन क्षेत्र के शिवसागर और मौहार गांव में तेंदुए ने बाड़ों में घुसकर भेड़-बकरियों का शिकार किया था। वहीं 22 जुलाई की रात चित्रकूट क्षेत्र के साड़ा गांव में भी तेंदुए के हमले में कई बकरियां मारी गई थीं।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि तेंदुए की आबादी क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही से लोगों और मवेशियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने, तेंदुए की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने और प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।









