सतना रेलवे स्टेशन के मालगोदाम परिसर में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। खाद से लदा एक ट्रक हैंडब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू होकर ढलान पर लुढ़क गया और सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल से टकरा गया। बाइक के पास मौजूद मां-बेटी ने समय रहते दौड़कर अपनी जान बचा ली। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से ट्रक को रोक लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में खाद की बोरियां लोड की जा रही थीं। इसी दौरान उसका हैंडब्रेक फेल हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय ट्रक में चालक मौजूद नहीं था, जिससे वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ने लगा। बेकाबू ट्रक पहले एक खड़ी मोटरसाइकिल से टकराया, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक स्टेशन रोड की ओर बढ़ने लगा तो परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए चलते ट्रक पर चढ़कर उसे रोक दिया। इसके बाद ट्रक स्टेशन रोड स्थित दुकानों के पास जाकर रुक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक समय रहते नहीं रुकता, तो स्टेशन रोड पर बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और बहादुरी से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।









