मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में सरकारी हाई स्कूल के प्राचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गौरैया गांव के पास बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में घायल प्राचार्य को पहले सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घायल प्राचार्य राजेश पटेल (45) लटागांव निवासी लल्ली राम पटेल के पुत्र हैं और बिहरा स्थित शासकीय हाई स्कूल में प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान गौरैया गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में राजेश पटेल को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही बदेरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









