Edition

सतना में मासूम से हैवानियत, दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या, 7 घंटे तक शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन….

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र के अबेर गांव में 14 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह खेत की मेड़ पर किशोरी का अर्धनग्न शव मिला। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब सात घंटे तक शव नहीं उठने दिया।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने पिता के निधन के बाद मां और बड़े भाई के साथ रहती थी तथा कक्षा 9वीं की छात्रा थी। रविवार सुबह करीब 5 बजे वह अपनी मां के साथ शौच के लिए घर से निकली थी। कुछ देर बाद मां घर लौट आई, लेकिन किशोरी वापस नहीं आई। तलाश के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ पर उसका शव मिला। उसके गले में उसकी सलवार कसकर बंधी हुई थी और शरीर पर चोट के निशान पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए एएसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे, डीएसपी डॉ. मनोज दीक्षित, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों की समझाइश के बाद दोपहर करीब एक बजे शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

जांच के दौरान गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें किशोरी के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति जाता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर हिरासत में लिया है। वहीं, परिजनों द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर बाहर से आए कुछ मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

#सतना #कोटर #CrimeNews #MadhyaPradesh #JusticeForVictim #PoliceInvestigation #रेवांचलरोशनी

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!