सतना में 14 वर्षीय किशोरी का अर्धनग्न शव झाड़ियों में मिला, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में…

सतना। जिले के कोटर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 14 वर्षीय किशोरी का अर्धनग्न शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी सुबह घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव गांव के बस स्टैंड से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार, किशोरी रविवार सुबह लगभग 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी उसके घर नहीं लौटने पर परिवार और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद तत्काल कोटर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की स्थिति को देखते हुए सतना से फोरेंसिक साइंस टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच में जुटे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।









