फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप…

सतना। जिले के कोटर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोटर कस्बे में रहने वाली आकांक्षा का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला। आकांक्षा का विवाह 24 नवंबर 2025 को यादवेंद्र कचेर से हुआ था।
मृतका के पिता संतोष ने आरोप लगाया कि शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार कार और अतिरिक्त नकदी की मांग कर रहा था। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
मायके पक्ष का आरोप है कि घटना से करीब 20 मिनट पहले आकांक्षा की फोन पर अपने पिता से बात कराई गई थी। इसके कुछ ही समय बाद उसकी मौत की सूचना दी गई। परिजनों ने कमरे से मिले कथित सुसाइड नोट पर भी संदेह जताते हुए उसकी फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने घटना का विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। मृतका के पिता ने पति यादवेंद्र कचेर, ससुर रामलाल, सास आशा, जेठ आवेंद्र, जेठानी नीलम और देवर नागेंद्र पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
नोट: इस मामले में लगाए गए आरोपों की अभी जांच जारी है। पुलिस ने किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।









