Edition

सतना में लापता किशोर की तलाश जारी, नहर किनारे मिले कपड़े-चप्पल, SDRF सर्च ऑपरेशन में जुटी…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लापता किशोर के कपड़े-चप्पल नहर किनारे मिले, चार दिन से गुमशुदा प्रांशु माखीजा की तलाश में SDRF जुटी….

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र से चार दिन पहले लापता हुए 15 वर्षीय प्रांशु माखीजा का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शुक्रवार को नगर वन के पास नहर किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम के साथ नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, उतैली वार्ड क्रमांक-22 स्थित पीएम आवास में रहने वाला प्रांशु माखीजा (15) 27 जुलाई की शाम करीब 6 बजे अपने दोस्त सुमित के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात 8 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर 28 जुलाई को कोलगवां थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

शुक्रवार को मामले में नया मोड़ तब आया, जब नगर वन के पास नहर किनारे एक किसान ने कपड़े और चप्पल पड़े होने की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंची प्रांशु की मां कोमल माखीजा ने कपड़ों और चप्पलों की पहचान अपने बेटे की बताई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर एसडीआरएफ की गोताखोर टीम को बुलाया। गोताखोरों ने पहले नहर में उतरकर तलाशी अभियान चलाया, इसके बाद नाव (बोट) की मदद से करीब एक किलोमीटर तक नहर में सघन खोजबीन की गई।

सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। हालांकि, देर शाम तक प्रांशु का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस का कहना है कि नहर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान जारी है। साथ ही गुमशुदगी के मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को प्रांशु के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल कोलगवां थाना पुलिस को सूचित करें।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!