सतना में सूने मकान का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी, 6 लाख नकद और 4 तोला सोना लेकर फरार हुए बदमाश….

सतना। शहर के नजीराबाद इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय मकान मालिक अकील खान परिवार सहित गांव गए हुए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, अकील खान अपने परिवार के साथ गांव गए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने उनके घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बदमाशों ने घर के कमरों की तलाशी ली और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे 6 लाख रुपये नकद तथा करीब 4 तोला सोने के जेवरात चोरी कर लिए।

शनिवार सुबह पड़ोसी ने घर का टूटा हुआ ताला देखा तो अकील खान को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वे परिवार के साथ वापस लौटे। घर पहुंचने पर सभी कमरों का सामान बिखरा मिला और लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले।

पीड़ित अकील खान ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में उनकी बेटी के सोने के गहने भी शामिल हैं। नकदी और आभूषण मिलाकर उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साइबर सेल और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









