धीमी प्रगति वाले प्रोजेक्ट्स पर अतिरिक्त संसाधन लगाने और काम नहीं करने वाले ठेकेदारों का भुगतान रोकने के आदेश….
रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, हाउसिंग बोर्ड और जल संसाधन विभाग के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की प्रगति धीमी है, वहां अतिरिक्त मशीनरी, तकनीकी संसाधन और मानवबल लगाकर कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों का भुगतान तत्काल रोका जाए और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जल संसाधन विभाग, हाउसिंग बोर्ड और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। कमिश्नर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सके।









