20 दिन से जला ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला, ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय का घेराव; 10% बकाया जमा करने पर मिला आश्वासन…

मैहर। जिले के नादन क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होने से पिछले 20 दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। शिवाप्रसाद पंचायत के तलहान टोला के ग्रामीण बड़ी संख्या में नादन स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, तलहान टोला में लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर करीब 20 दिन पहले जल गया था। इसके बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अस्थायी व्यवस्था के तहत पास के दूसरे ट्रांसफॉर्मर से बिजली लेना शुरू किया, लेकिन अतिरिक्त भार पड़ने से वह ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद बिजली कंपनी ने दो दिन पहले एक ट्रांसफॉर्मर तो बदल दिया, लेकिन पहले से जला ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं बदला गया। इससे नाराज ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, बिजली कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता (जेई) बी.के. सुमन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र पर करीब 6.50 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। विभाग के नियमों के अनुसार, यदि उपभोक्ता बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत जमा कर देते हैं, तो नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी जाएगी।
जेई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने बकाया राशि का निर्धारित हिस्सा जमा कराने पर सहमति जताई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हो गई। बिजली विभाग ने जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिया है।









