Edition

फैक्ट्री गेट पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, कर्मचारी की मौत के बाद मुआवजे और नौकरी की मांग…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से बिड़ला सीमेंट कर्मचारी की मौत, फैक्ट्री गेट पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन…

सतना। जिले की बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शाम को फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए मृतक के बेटे को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है।

मृतक की पहचान बाबूपुर निवासी रमाशंकर द्विवेदी (45) के रूप में हुई है। वे बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के मैकेनिकल विभाग में नियमित कर्मचारी थे। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वे जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पर पहुंचे थे। काम के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे जमीन पर गिर पड़े। साथियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रबंधन ने केवल शव को गांव भिजवा दिया, लेकिन परिवार से मिलने या घटना की जानकारी देने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इसी उपेक्षा से नाराज परिजन शाम करीब 5 बजे एंबुलेंस से शव लेकर फैक्ट्री गेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने मृतक के बेटे को अनुकंपा के आधार पर नियमित नौकरी देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है, इसलिए प्रबंधन को तत्काल मानवीय आधार पर परिवार की मदद करनी चाहिए। परिजन तब तक प्रदर्शन समाप्त नहीं करने की बात कह रहे हैं, जब तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई वरिष्ठ अधिकारी उनसे मिलकर उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लेता।

सूचना मिलने पर सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

फिलहाल फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन जारी है और परिजन प्रबंधन से लिखित आश्वासन मिलने तक शव हटाने को तैयार नहीं हैं। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!