मुक्तिधाम में अस्थियों के बीच मिला जला नारियल-नींबू, परिजनों ने जताई तांत्रिक क्रिया की आशंका; पुलिस जांच में जुटी…

सतना। शहर के नजीराबाद स्थित मुक्तिधाम में गुरुवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। चिता की राख और अस्थियों के बीच जला हुआ नारियल, नींबू तथा काला-सफेद कपड़ा मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने इसे जादू-टोना या तांत्रिक क्रिया से जोड़ते हुए सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, प्रेम विहार कॉलोनी निवासी विपिन आरख का 28 जुलाई को बीमारी के कारण निधन हो गया था। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार नजीराबाद मुक्तिधाम में किया गया था। गुरुवार दोपहर जब परिवार के सदस्य राख फूल और अस्थियां एकत्र करने पहुंचे, तब उन्होंने अस्थियों के बीच जला हुआ नारियल, नींबू और काला-सफेद कपड़ा पड़ा देखा।

संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद परिजनों ने जादू-टोना या तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मुक्तिधाम में कार्यरत कर्मचारियों से भी पूछताछ की, लेकिन घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने विधि-विधान के अनुसार अस्थियां एकत्र कर लीं।
पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मुक्तिधाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अस्थियों के बीच यह सामग्री कब और किसने रखी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस घटना ने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी तांत्रिक गतिविधि की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्य सामने आएंगे।









