Edition

नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने विद्यालयों एवं छात्रावास का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने विद्यालयों एवं छात्रावास का किया निरीक्षण

अनूपपुर 
नवागत कले
क्टर रत्नाकर झा ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत पीएम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेजरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोड़की तथा शासकीय आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास पोड़की का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में संचालित कक्षाओं का अवलोकन किया, विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों से भी चर्चा कर नियमित अध्ययन-अध्यापन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर झा ने विद्यालयों एवं छात्रावास में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सामग्री, फर्नीचर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास पोड़की में उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, आवास, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा छात्राओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर झा ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय एवं छात्रावास में सभी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त कमियों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट उपस्थित रहे।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!