सतना। मुख्तियारगंज स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कालीबाड़ी में पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करते हुए विद्यालय के आचार्यों का अभिनंदन किया गया तथा माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भजन, कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में आचार्यों का अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

विद्यालय के अध्यक्ष विभाष बनर्जी ने कहा कि पंडित गणेश प्रसाद मिश्र का जीवन शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहा तथा उनके आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत हैं। वहीं विद्यालय के व्यवस्थापक भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।

सेवा न्यास की सांस्कृतिक प्रमुख शीलम सैनी ने बताया की इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह, घड़ी, भगवान धन्वंतरि का चित्र, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला कपड़े का थैला तथा प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं से मानसी मिश्रा (95%), शाश्वत शुक्ला (93.8%), ओम विश्वकर्मा (92.2%) तथा कक्षा 12वीं से द्वादेश अग्रवाल (94.2%), शिवांक मिश्रा (81%) एवं शरद मिश्रा (74.42%) शामिल रहे।
इस अवसर पर राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’ ने जानकारी दी कि पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, धवारी के खेल मैदान में सतना हाफ मैराथन का सातवां संस्करण आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन महिलाओं एवं छात्राओं को समर्पित रहेगा, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष विभाष बनर्जी, व्यवस्थापक भास्कर भट्टाचार्य, डॉ. बी.के. गांधी, अजय तिवारी, शशिभूषण भट्टाचार्य, शिवम भारतीय, प्राचार्य संतोष मणि शर्मा, धर्मेंद्र मिश्रा, शीलम सैनी, अनिल सैनी, विजय सिंह पटेल, राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’ सहित विद्यालय के आचार्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









