सतना। प्रियदर्शनी कॉन्वेंट हाई स्कूल, सतना में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्वेता मौर्य ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

निरीक्षक श्वेता मौर्य ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों (1098, 1090, 1933 एवं 14446) की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं विद्यालय प्रशासन ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को नशामुक्त और साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। विद्यार्थियों ने भी जागरूक नागरिक बनने और अपने परिवार व समाज में नशामुक्ति तथा साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।










