Edition

सतना में 78 बकरियों की लूट का मामला सुलझा, 3 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से बकरी चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर अनूपपुर जेल से तीन आरोपियों को रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बकरी लूट की दो बड़ी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इन दोनों वारदातों में कुल 78 बकरियां लूटी गई थीं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और लूटी गई बकरियों की बरामदगी में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में परसमनिया पठार के कालीझिर जंगल (खामतला) में बकरी चराने गए एक पशुपालक को बदमाशों ने रस्सियों से बांध दिया था और उसकी 53 बकरियां लूटकर फरार हो गए थे। इसके कुछ समय बाद उचेहरा थाना क्षेत्र के बांधी-मौहार गांव से भी 25 बकरियां चोरी होने का मामला सामने आया था। दोनों मामलों में पुलिस लगातार जांच कर रही थी, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था।

जांच के दौरान उचेहरा पुलिस को सूचना मिली कि अनूपपुर पुलिस ने बकरी लूट में शामिल एक पेशेवर गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध सतना की वारदातों से भी हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर आरोपियों को अनूपपुर जेल से रिमांड पर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्याज खान (29), हसन खान (24) और अरुण खान (19) निवासी भदनपुर पहाड़, थाना बदेरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने दोनों घटनाओं में शामिल होने और लूटी गई बकरियों को अलग-अलग स्थानों पर बेचने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अब आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बकरियों की बरामदगी और बिक्री से प्राप्त रकम का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी और उनके साथी अनूपपुर, उमरिया और सीधी सहित कई जिलों में सक्रिय रहे हैं। इनके खिलाफ बकरी लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि 22 अप्रैल 2026 को अनूपपुर जिले के करण-पठार थाना क्षेत्र में बकरी लूट की एक घटना के बाद पुलिस टीम पर बदमाशों ने पत्थरों से हमला कर एक सरकारी पिस्टल भी लूट ली थी। पुलिस का मानना है कि यही गिरोह उस वारदात में भी शामिल था।

उचेहरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!