Edition

चित्रकूट की सड़कों पर शराब और हुक्का पार्टी, विरोध होते ही दिल्ली नंबर की कार से फरार हुए युवक….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट। धार्मिक नगरी चित्रकूट में रविवार रात सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पार्टी, शराबखोरी और हुड़दंग का मामला सामने आने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार से आए करीब आधा दर्जन युवकों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने बीच सड़क पर हुक्का रखकर जन्मदिन मनाया, तेज संगीत बजाया और डांस किया। विरोध होने पर सभी युवक मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क किनारे कार खड़ी कर जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। इस दौरान उन्होंने हुक्का पिया और शराब का भी सेवन किया। कार में बीयर की केन रखी हुई दिखाई दीं। तेज आवाज में संगीत बजने और बीच सड़क पर हुड़दंग से राहगीरों व श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना का विरोध करने पर स्थानीय लोगों और युवकों के बीच कुछ देर बहस भी हुई। इसके बाद युवक अपनी कार में सवार होकर मौके से निकल गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चित्रकूट देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर सार्वजनिक स्थान पर हुक्का और शराब के साथ जश्न मनाना धार्मिक गरिमा के विपरीत है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित युवकों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही धर्मनगरी में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने की भी मांग की है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!