Edition

चित्रकूट में मंदिर बना निशाना,दान पेटी तोड़कर ₹60 हजार की नगदी पार….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट। धार्मिक नगरी चित्रकूट के कामदगिरी परिक्रमा मार्ग स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर में सोमवार तड़के चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाश मंदिर का शटर और दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 60 हजार रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए गए थे। सोमवार सुबह लगभग 5 बजे जब मंदिर के महंत योगेंद्र दास उर्फ बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दान पेटी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी।

महंत योगेंद्र दास ने बताया कि मंदिर की दान पेटी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नहीं खोली गई थी। श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के रूप में इसमें लगभग 70 हजार रुपए होने का अनुमान था। शुरुआती जांच में करीब 60 हजार रुपए की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, वास्तविक राशि का पता दान पेटी की जांच और गणना के बाद ही चल सकेगा।

सूचना मिलने पर चित्रकूट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!