तेज प्रताप यादव ने अभिजीत दीपके से की बिहार आने की अपील, कहा- छेड़िए बड़ा जनआंदोलन

पटना। बिहार की राजनीति के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेज प्रताप यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके से बिहार आकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करने की अपील की है। तेज प्रताप की यह अपील सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह अभिजीत दीपके से विशेष आग्रह करते हैं कि वे जल्द से जल्द बिहार आएं। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए एक मजबूत और लोकतांत्रिक जनआंदोलन की आवश्यकता है।
अपने पोस्ट में तेज प्रताप ने अभिजीत दीपके से बिहार की जनता की आवाज़ बनने और राज्य सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का नेतृत्व करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल तथा उनके समर्थक पूरा सहयोग देंगे।
यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब भरत भूषण तिवारी हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति में लगातार बयानबाजी और राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हालांकि, तेज प्रताप यादव की इस अपील पर अभिजीत दीपके या उनकी पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल, तेज प्रताप यादव का यह सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।









